जम्मू। जम्मू में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की भारी किल्लत है। मंगलवार को पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष हर्ष देव सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जलशक्ति विभाग कार्यालय जम्मू के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि करोड़ों की परियोजनाएं शुरू होने के बाद भी जलशक्ति विभाग पानी की कमी दूर नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले 5 दिनों के दौरे में पाया कि लोगों के लिए वर्तमान में पानी सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है। विभाग में भ्रष्टाचार का बोलबाला है जिसके कारण लोगों को बुनियादी सुविधा तक नहीं मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को 10 किलोमीटर दूर पानी लाने जाना पड़ रहा है।