जम्मू के नरवाल और कटड़ा बस में धमाका करने वाले सरकारी शिक्षक आरिफ शेख का मकान गिरा दिया गया है। रियासी जिला प्रशासन ने आरिफ के बरंसल गुलाबगढ़ में अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनाए घर पर जिला पुलिस के साथ सक्रिय समन्वय और स्वतंत्र गवाहों के साथ-साथ क्षेत्र के स्थानीय लोगों की उपस्थिति में यह कार्रवाई की।
वीरवार दोपहर 1 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक चलाई गई कार्रवाई के बाद सरकार ने जमीन पर अपना कब्जा किया। बता दें कि आरोपी ने वर्ष 2022 में कटरा के पास कदमल और जम्मू के नरवाल में बस में विस्फोट करने की वारदातों को अंजाम दिया है।
कटड़ा धमाके में आरिफ ने आईईडी लगाकर बस में धमाका किया था। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 28 अन्य लोग घायल हो गए थे। वहीं जम्मू के नरवाल इलाके में आईईडी विस्फोट किया। इसमें 9 लोग घायल हो गए थे।
आरिफ के पकड़े जाने से पता चला कि वह पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलरों के संपर्क था और उनके इशारों पर काम कर रहा था। जिला प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई आतंक से सहानुभूति रखने वालों और एलओसी पर उनके संचालकों के लिए एक सख्त संदेश है कि सरकार आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस के लिए प्रतिबद्ध है।