प्रदेश में किसान कल्याण के उद्देश्य से सरकार ने कृषि विभाग का पुनर्गठन कर दिया है। अब इसे कृषि उत्पादन विभाग के नाम से जाना जाएगा। इसमें पशु एवं भेड़ पालन, मछली पालन व बागवानी विभाग का विलय कर दिया गया है। शेर-ए-कश्मीर विश्वविद्यालय जम्मू व कश्मीर समेत इन तीनों विभागों के 21 विभाग इसके अधीन होंगे।
प्रशासनिक सचिव को कृषि उत्पादन आयुक्त के नाम से जाना जाएगा
सरकार की ओर से शनिवार को जारी आदेश के अनुसार अब प्रशासनिक सचिव को कृषि उत्पादन आयुक्त के नाम से जाना जाएगा। किसानों, बागवानों और पशु व भेड़पालन और मछली पालन से जुड़े लोगों की आमदनी को दोगुना करने के लक्ष्य से सरकार ने कृषि विभाग का पुनर्गठन करने का दावा किया है।
70 फीसदी आबादी कृषि व इससे जुड़ी गतिविधियों पर आधारित
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार जम्मू कश्मीर में 70 फीसदी आबादी कृषि व इससे जुड़ी गतिविधियों पर आधारित है। ऐसे में लोगों की आमदनी को बढ़ाने के लिए कृषि उत्पादन विभाग में कृषि और किसान कल्याण, पशु-भेड़ पालन व मछलीपालन और बागवानी विभाग का विलय कर दिया गया है।
एक ही विभाग के अधीन मिलेगा लाभ
कृषि उत्पादन विभाग के पुनर्गठन से किसान व कृषि क्षेत्र से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ एक ही विभाग के अंतर्गत लोगों को उपलब्ध हो पाएगा। किसानों व बागवानों के लिए व्यापक पैकेज व अन्य योजनाओं के माध्यम से उनकी आमदनी को दोगुना करने का प्रयास किया जाएगा। कृषि व इससे जुड़े क्षेत्रों में अंतर क्षेत्रीय जरूरतों को पारदर्शी और सरलता से लागू करने और किसानों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने में भी मदद मिलेगी।
बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर होंगे पैदा
जम्मू-कश्मीर में किसानों की आजीविका में व्यापक स्तर पर बदलाव लाने के उद्देश्य से आधुनिक तकनीकी हस्तक्षेपों, कृषि व इससे जुड़े क्षेत्रों के लिए उपलब्ध सभी तरह के समर्थन प्रणाली का भी पूरा सहयोग लिया जाएगा। कृषि उत्पादन विभाग के पुनर्गठन से कृषि क्षेत्र में उद्यमों को भी बढ़ावा मिलेगा और इससे बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो पाएंगे।
यह विभाग कृषि उत्पादन विभाग के अधीन
कृषि व किसान कल्याण विभाग: कृषि, कृषि शिक्षा, एग्रो इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कारपोरेशन, पोषण कार्यक्रम, कमांड एरिया डेवलपमेंट, लैंड यूज डेवलपमेंट बोर्ड, फार्म, शेर-ए-कश्मीर कृषि विवि जम्मू व कश्मीर, बीडीपी-डीआरएपी, सेरीकल्चर, किसान सलाहकार बोर्ड।
- पशु-भेड़पालन व मछलीपालन विभाग: पशुपालन, लाइव स्टॉक डेवलपमेंट बोर्ड जम्मू व कश्मीर, जम्मू-कश्मीर दुग्ध उत्पादक सहकारिता लिमिटेड, भेड़ व भेड़ उत्पाद विकास बोर्ड, मछली पालन विकास, मिशन डेयरी।
- बागवानी विभाग: बागवानी, बागवानी योजना व विपणन, बागवानी उत्पादन विपणन कारपोरेशन लिमिटेड।