फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu Kashmir: सरकारी मुलाजिमों को 15 लाख का निशुल्क दुर्घटना बीमा कवर, उपराज्यपाल ने सुविधा की लांच

Thu, 09 Jun 2022 09:55 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर बैंक की ओर से दी जा रही सुविधा के तहत सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना का औपचारिक रूप से लांच किया। उन्होंने अगले वित्त वर्ष से बीमा कवर राशि बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने के निर्देश भी दिए।
 
विज्ञापन
जम्मू में बैठक के दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर के सरकारी मुलाजिमों को अब निशुल्क 15 लाख का दुर्घटना बीमा कवर मिलेगा। जम्मू-कश्मीर बैंक की ओर से दी जा रही सुविधा के तहत सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना को बुधवार उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने औपचारिक रूप से लांच किया। एलजी ने अगले वित्त वर्ष से बीमा कवर राशि बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने के निर्देश भी दिए। इस योजना में कर्मचारी को समूह व्यक्तिगत बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।

कर्मचारी जेके बैंक से फोन के जरिये भी आसानी से लोन ले सकेंगे

कर्मचारियों के लिए बैंक की ओर से फोन पे लोन सुविधा भी शुरू की गई है। यानी कर्मचारी जेके बैंक से फोन के जरिये भी आसानी से लोन ले सकेंगे। उप राज्यपाल ने बुधवार को बैंक की दोनों सुविधाओं को शुरू करते हुए कहा कि ऐसी जन केंद्रित पहल कर्मचारियों को बिना किसी परेशानी के ऋण लेने और सामाजिक सुरक्षा प्राप्त करने की सुविधा देगी।

लाभार्थियों में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना स्वीकृति पत्र भी बांटे गए

इस दौरान एलजी की ओर से लाभार्थियों में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना स्वीकृति पत्र भी बांटे गए। उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर बैंक एक मजबूत और विविध बैंकिंग प्रणाली है जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था से जुड़ी है। पिछले दो वर्ष में चुनौतियों के बीच बैंक भरोसेमंद और विश्वसनीय बैंकों में से एक बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्रेडिट प्रवाह प्रणाली को मजबूत करने के लिए समर्पित प्रयास कर रही है। 

एक साल में 44 हजार को दी वित्तीय सहायता

उप राज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कृषि, मुद्रा, लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूह और उद्यमिता को बढ़ावा देने व बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश में उच्च ऋण प्रवाह आया है। पिछले वर्ष 44,403 युवक युवतियों, स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इस वर्ष के पहले चार माह में वित्तीय सहायता से 3407 युवा उद्यमी बने हैं।

मुद्रा योजना के तहत 2.62 लाख से अधिक खाते खोले गए

प्रधानमंत्री स्टैंड अप इंडिया मिशन के तहत 1560 लाभार्थियों को अपना व्यावसायिक उद्यम शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये का क्रेडिट प्राप्त हुआ है। मुद्रा योजना के तहत 2.62 लाख से अधिक खाते खोले गए हैं। बैंक के एमडी और सीईओ बलदेव प्रकाश ने बताया कि बैंक ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 501 करोड़ रुपये का वार्षिक शुद्ध लाभ दर्ज किया है जो पिछले सात वर्षों में बैंक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस दौरान मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता आदि मौजूद रहे। \

99 गांव वित्तीय प्रणाली से जुड़े

उपराज्यपाल ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में 5000 से अधिक आबादी वाले 104 गांवो में से 99 गांव को वित्तीय प्रणाली से जोड़ा गया है और शेष गांवों को जल्द कवर किया जाएगा। इसके अलावा वित्तीय क्षेत्र से बाहर 147 छोटे गांवों को भी बैंकिंग सुविधा से जोड़ा जा रहा है।

क्या है बीमा योजना

सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना में आतंकवाद सहित सभी परिस्थितियों में किसी भी समय और किसी भी आधार पर व्यक्तिगत दुर्घटना मृत्यु को कवर किया जाएगा। बीमा कंपनी को सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के 15 कार्य दिवसों के भीतर दावों का निपटान करना होगा। इसी तरह फोन पे लोन योजना के तहत वेतनभोगी कर्मचारी रियायती ब्याज दर पर व्यक्तिगत ऋण और नकद ऋण सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें