अपराध शाखा जम्मू ने छह मामलों में मृतक समेत 10 आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोप-पत्र दाखिल किए हैं। इन आरोपियों पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से नौकरी प्राप्त करने, पदोन्नति का लाभ उठाने, भूमि संबंधी छल-कपट तथा नौकरी दिलाने के बहाने रुपये ठगने जैसे गंभीर आरोप हैं।
आरोपियों में वन विभाग के पूर्व वनपाल रघुबीर सिंह निवासी सुंगल मोड़ अखनूर के विरुद्ध फर्जी स्नातक डिग्री का प्रयोग कर पदोन्नति का लाभ प्राप्त करने का मामला दर्ज किया गया था। इसकी जांच के बाद अपराध शाखा ने आरोप-पत्र दाखिल किया है।
इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग में चौकीदार धनवीर सिंह निवासी पलौड़ा जम्मू के विरुद्ध भी चालान पेश हुआ है। उसने फर्जी योग्यता प्रमाणपत्र और फर्जी जन्मतिथि प्रमाणपत्र बनवाकर के आधार पर सरकारी नौकरी प्राप्त की थी।एक मामले में पठानकोट पंजाब के निवासी अनिल कुमार नंदा और उनके पुत्र अमन नंदा पर एक व्यक्ति से भूमि संपत्ति में निवेश के नाम पर 54.50 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। इसके संबंध में अपराध शाखा ने यह कार्रवाई की है।
दो अन्य मामलों में दो महिलाएं सहित पांच आरोपी शामिल हैं। आरोपियों ने जम्मू-कश्मीर बैंक तथा भारतीय स्टेट बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर शिकायतकर्ताओं से 24 लाख रुपये की ठगी की।स्थायी निवास प्रमाण-पत्र की जालसाजी के मामले में आरोपी गांधीनगर जम्मू निवासी (मृतक) के विरुद्ध भी जांच के बाद आरोप-पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
राजस्व विभाग के सचिव के माध्यम से शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर जम्मू अपराध शाखा ने मामला दर्ज किया था। जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (अपराध शाखा) बेनाम तोष ने पुष्टि की है कि विभिन्न मामलों में कुल दस आरोपियों के खिलाफ छह आरोप पत्र दायर किए गए हैं।