संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के हस्थशिल्प कारीगरों ने बांस से बनने वाले उत्पादों के बाजार में तेजी लाने और वित्तीय सहायता देने की प्रदेश सरकार से मांग की है। उन्होंने सरकार से टोकरी, सजावट, घरेलू सामान आदि बनाने वाले कारीगरों के लिए बजट में धरातल पर योजना उतारने की मांग की। कारीगर हंसराज, जनक राज, बबलू राम आदि ने बताया कि बांस की वस्तुओं को बेचने के लिए अच्छा बाजार नहीं मिल पा रहा है। बजट में वित्तीय सहायता का समावेश, कारीगरों को अनुदान, सब्सिडी मिलने की उम्मीद है ताकि वे कच्चा माल जैसे बांस खरीदने, उपकरण लेने और उत्पादन बढ़ाने में मदद पा सकें। बजट में हस्तशिल्प सेक्टर के कारीगरों के लिए क्रेडिट कार्ड योजना में ऋण ब्याज सब्सिडी का प्रावधान हो ताकि कारीगरों को आसान ऋण हासिल हो सके। गुहार लगाई कि हस्तशिल्प उत्पादों के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 50 प्रतिशत तक मार्केटिंग सहायता का प्रावधान रखा जाए। उन्होंने बजट में प्रशिक्षण केंद्रों, कौशल विकास कार्यक्रमों और गुणवत्ता सुधार योजनाओं के लिए संसाधन तय करने की मांग की।