फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर: खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा रोकी गई...7200 यात्री फंसे, लद्दाख में ट्रक फिसलने से दो की मौत

Sat, 08 Jul 2023 01:43 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू/श्रीनगर

सार

मौसम विभाग ने आठ जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच जम्मू से पहलगाम के लिए गए 4600 यात्रियों के जत्थे को रामबन जिले के चंद्रकोट यात्री निवास में रोक लिया गया। बालटाल रूट के 2639 श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति दी गई।
विज्ञापन
मौसम खराब होने के बाद शुक्रवार को बेस कैंप में रोके गए अमरनाथ यात्री। - फोटो : एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खराब मौसम तथा लगातार हो रही बारिश से इस सीजन में पहली बार अमरनाथ यात्रा रोकनी पड़ी। बालटाल तथा पहलगाम दोनों ट्रैक से श्रद्धालुओं के सातवें जत्थे को सुबह नहीं छोड़ा गया। लगभग 7200 यात्रियों को दोनों कैंपों में रोका गया है। शनिवार को भी बालटाल ट्रैक से यात्रा बंद रहने की उम्मीद है। हालांकि, इस पर अभी आधिकारिक फैसला नहीं किया गया है। इस पर मौसम के रुख को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा। 

विज्ञापन


मौसम विभाग ने आठ जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच जम्मू से पहलगाम के लिए गए 4600 यात्रियों के जत्थे को रामबन जिले के चंद्रकोट यात्री निवास में रोक लिया गया। बालटाल रूट के 2639 श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति दी गई। यात्रा ट्रैक पर पहले से रुके 2670 यात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए।

दोपहर बाद बालटाल रूट पर रेलपथरी के पास भूस्खलन के चलते यात्रा मार्ग को क्षति पहुंची है, लेकिन इसमें किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। उधर, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में बादल फटने से एक किसान की मौत हो गई,जबकि लद्दाख में बारिश से भीगी सड़क पर ट्रक फिसलने से गांदरबल निवासी चालक व  वाहन मालिक की मौत हो गई। 
विज्ञापन


बताया जाता है कि पवित्र अमरनाथ गुफा के साथ-साथ दोनों यात्रा मार्गों पर वीरवार रात से ही भारी बारिश के चलते यात्रा स्थगित की गई है। अधिकारियों ने बताया कि नुनवान पहलगाम कैंप में 3200 और बालटाल में चार हजार यात्रियों को रोका गया है। तेज बारिश के चलते बालटाल आधार शिविर से पवित्र गुफा की ओर जाने वाले रास्ते पर रेलपथरी जेड मोड़ पर भूस्खलन हो गया।

ट्रैक पर तेज बहाव के साथ पानी अपने साथ कीचड़ और पत्थर ले आया। इसके चलते ट्रैक पर मलबा इकट्ठा हो गया। यात्रा मार्ग पर फंसे हुए कई यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए चलाया गया बचाव अभियान देर शाम तक जारी रहा।

संगम-बरारीमर्ग-रेलपथरी के मार्ग पर फंसे यात्रियों को दोमेल व बालटाल में सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। इस बीच शुक्रवार को पवित्र गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन करने वाले 2670 यात्रियों में 1951 पुरुष, 626 महिलाएं, 69 बच्चे और 24 साधु शामिल हैं। एक जुलाई से शुरू हुई यात्रा में अब तक 80 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

पत्थर गिरने से मुगल रोड पांच घंटे रहा बंद

पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू संभाग के पुंछ, राजोरी, रामबन, परगवाल, किश्तवाड़ में बारिश हुई। इससे नदी नालों का जलस्तर बढ़ गया है। पुंछ में शुक्रवार सुबह जोरदार बारिश से पुंछ को कश्मीर से जोड़ने वाली मुगलरोड पर रत्ता छंब में पत्थर गिरे। सड़क पर भूस्खलन से यातायात बंद हो गया।

रोड पर वाहनों की कतारें लग गईं। पोशाना चेकपोस्ट और बैहरामगल्ला चेकपोस्ट पर कश्मीर जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया। यहां 5 घंटे तक राहगीर फंसे रहे। शाम चार बजे मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया। परगवाल में सुबह ढाई घंटे जमकर बारिश हुई कई गांवों का संपर्क टूट गया।

नदियां-नाले उफान पर रहे। दुकानों में पानी भर गया। राजोरी में बारिश से सड़कों पर कई जगह पस्सियां गिरने और पानी भरने से यातायात ठप रहा। पीर पंजाल के ऊंचे पहाड़ों पर हल्के ओले गिरे। वहीं, किश्तवाड़ में भी बारिश हुई है। वैष्णो देवी चॉपर सेवा भी दिनभर बाधित रही।

भारी बारिश के आसार

इस बीच मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा, मानसूनी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के तहत, 7-9 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर में गरज चमक के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं। जम्मू संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।  इस दौरान कश्मीर के कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। 

चिनाब किनारे न जाएं

नदियों और स्थानीय नालों के जल स्तर में तीव्र वृद्धि के कारण अचानक बाढ़ आने के आसार हैं। पुलिस ने मुनादी करा कर लोगों को कहा है कि दुलहस्ती डैम से पानी छोड़ा जा रहा है  इसलिए शनिवार शाम तक दरिया के किनारे न जाएं। बारिश के कारण संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन भी हो सकता है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, मुगल रोड, जोजिला दर्रा और अन्य प्रमुख पहाड़ी सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। लोगों को सतर्क सहने की चेतावनी दी गई है।

गांदरबल के रहने वाले थे ट्रक मालिक और चालक

लद्दाख के निमो इलाके में शुक्रवार तड़के करीब चार बजे एक ट्रक के सड़क से फिसल जाने से दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में ट्रक का मालिक गांदरबल निवासी जहूर अहमद वानी (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गांदरबल का शाहनवाज अहमद सोफीगंभीर रूप से घायल हो गया। उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 

कुलगाम में मरने वाला किसान खेत में काम करने जा रहा था...दक्षिण कश्मीर के कुलगाम ज़िले के गुद्दर इलाके में बादल फटने से अब्दुल हमीद खान नाम के एक शख्स की मौत हुई है वह खेतों में काम करने के लिए जा रहा था। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें