कटड़ा से कश्मीर जा रही रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करते महाप्रबंधक
- फोटो : पीआरओ
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधरी ने जम्मू-कश्मीर में उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां चल रहे अन्य कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। बताया कि 111 किलोमीटर लंबे कटरा-बनिहाल सेक्शन पर चुनौतियों के बीच 95 फीसदी कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष पांच फीसदी कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
रेलवे हर दिन कश्मीर को शेष रेल नेटवर्क से जोड़ने के और करीब पहुंच रही है। रेल महाप्रबंधक ने अपना निरीक्षण कटरा से शुरू किया। उसके बाद वह मोटर ट्रॉली से सुरंग टी-वन तक गए। यहां यूएसबीआरएल कोंकण रेल निगम लिमिटेड और एजेंसी के अधिकारियों के साथ कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
कहा कि यह हिमालय की बेहद चुनौतीपूर्ण भू-भाग वाली परियोजना है। इसके बाद उन्होंने चिनाब पुल पर पहुंचे। यहां पर डुग्गा स्टेशन तक मोटर ट्रॉली से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लक्ष्य कठिन हैं और इन्हें पूरा करने के हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने परियोजना के विद्युत सिग्नल और आरओसी के कार्य को प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए। यूएसबीआरएल के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एसपी माही ने बताया कि 272 किलोमीटर लंबी यूएसबीआरएल परियोजना के 161 किलोमीटर रेलमार्ग को पहले ही खोल दिया गया है।
यहां ट्रेन संचालन जारी है। शेष 111 किलोमीटर लंबे कटड़ाच-बनिहाल सेक्शन पर सभी प्रकार की भौगोलिक और मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद 95 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। शेष भाग का कार्य पूरी गति से चल रहा है। भारतीय रेल हर दिन कश्मीर घाटी को शेष रेल नेटवर्क से जोड़ने के और करीब पहुंच रही है।