परीक्षा परिणाम के बाद खुशी मनाती छात्राएं।
जम्मू। कोरोना महामारी के बीच घोषित बारहवीं कक्षा के रिजल्ट में सरकारी स्कूलों ने शानदार सुधार किया है। बीते वर्ष 55.70 फीसदी के मुकाबले इस बार 73 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। वहीं, साइंस में पहली पोजिशन हासिल करने वाले पांच मेधावियों में तीन विद्यार्थी सरकारी स्कूलों से हैं। सभी स्ट्रीम में आए कुल आठ टॉपरों में चार सरकारी स्कूलाें से हैं। उधर, प्राइवेट स्कूलों ने भी बीते वर्ष 73.07 प्रतिशत नतीजों में सुधार करते हुए इस बार 85.34 फीसदी परिणाम लाया है। प्राइवेट स्कूलों ने मेरिट में विज्ञान वर्ग में 56, कॉमर्स में 25 और आर्ट्स वर्ग में 13 पोजिशन ली हैं। इसी तरह से सरकारी स्कूलों की विज्ञान वर्ग में 26, कॉमर्स में 2, आर्ट्स में नौ और होम साइंस में सात पोजिशन आई हैं। प्रधान सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. असगर हसन सामून ने कहा कि सरकारी और निजी स्कूलों ने नतीजों में सुधार किया है। जम्मू की स्कूल शिक्षा निदेशक अनुराधा गुप्ता ने कहा कि सरकारी स्कूलों ने पास प्रतिशत और मेरिट में अपने प्रदर्शन में शानदार सुधार किया है। कोरोना महामारी के बीच रिजल्ट घोषित करना चुनौतीपूर्ण था।