जम्मू शहर के गंग्याल स्थित एक बैंक में कार्यरत महिला कर्मी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता राजस्थान की रहने वाली है। उसने राजस्थान के ही हैपी सिंह पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह ग्रेटर कैलाश में रहती हैं और हैपी को पहले से जानती थीं। कुछ दिन पूर्व हैपी जबरन घर में घुस आया और दुष्कर्म किया। महिला का पुलिस ने मेडिकल करवाया है। ग्रेटर कैलाश पुलिस चौकी में महिला ने बताया कि शुक्रवार को जब वह घर पर अकेली थी, तो हैपी सिंह बहाने से घर में घुस गया। अकेला पाकर उसने दुष्कर्म किया। जाते वक्त धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो जान से मार देगा। मंगलवार को महिला ने हिम्मत जुटाते हुए पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई।
ट्रक के टूल बॉक्स से भुक्की बरामद
झज्जर कोटली पुलिस ने ट्रक में लाई जा रही भुक्की को बरामद किया है। हालांकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
सुकेतर के पास पुलिस ने ट्रक जेके02एक्यू-2395 को रोका। इस पर चालक करीब 100 मीटर दूर ट्रक को खड़ा कर भाग निकला। पुलिस कर्मियों ने ट्रक की तलाशी ली तो टूल बाक्स में पैकेट मिला। इसमें 3.7 किलो भुक्की बरामद हुई। ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की जा रही है।
उधर, पक्का डंगा पुलिस ने संजय कुमार निवासी पूर्ण नगर, न्यू प्लाट को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 44 ग्राम चरस बरामद की गई है। पुलिस की जिला स्पेशल ब्रांच की ओर से संजय कुमार को पकड़ा गया। वहीं बाग ए बाहु पुलिस ने हेरोइन के साथ एक तस्कर को पकड़ा है। आरोपी अरुण कुमार निवासी आरएस पुरा को 6 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया। ब्यूरो
चोरी की बाइक के साथ एक काबू
जम्मू। रिहाड़ी पुलिस ने चोरी की एक बाइक के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया है। नरिंदर गुप्ता निवासी वजारत रोड जम्मू ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बाइक जेके02बीएम 7813 चोरी हो गई है। पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार कर उसके पास से बाइक बरामद कर ली। ब्यूरो
युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
गंग्याल क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मूल रूप से बिहार और जम्मू में गंग्याल में रहने वाली खुशी कुमारी घर में बेसुध मिली। उसे जीएमसी पहुंचाया गया। जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया।