अमरनाथ यात्रा को लेकर लगातार हो रही आतंकी साजिशों के बीच एक और साजिश नाकाम कर दी गई है। डोडा से जम्मू आ रही एक बस से झज्जर कोटली में जेलेटिन स्टिक विस्फोटक बरामद हुआ है। एक पैकेट में नौ स्टिक को बस की सीटों के ऊपर बने रैक में एक पैकेट में रखा गया था। इनको आपस में जोड़कर एक आईईडी तैयार की जानी थी।
जांच एजेंसियां भी मामले की जांच कर रही
अब इस आईईडी का इस्तेमाल कब, कहां और कैसे किया जाना था, यह जांच की जा रही है। पुलिस ने बस चालक और सह चालक को हिरासत में लिया है। सवारियों से भी पूछताछ की गई है। अन्य जांच एजेंसियां भी मामले की जांच कर रही हैं। डोडा बस स्टैंड से बुधवार सुबह 5:12 बजे बस (जेके02सीवी 4995) जम्मू के लिए रवाना हुई। यह बस 8:50 बजे झज्जर कोटली पुलिस नाके पर पहुंची।
बस को जांच के लिए रोका गया, तब हुआ खुलासा
बस में 40 से 45 सवारियां थीं। झज्जर कोटली पुलिस थाने के एसएचओ विक्रम शर्मा पुलिस टीम के साथ वाहनों की रूटीन जांच कर रहे थे। तभी बस को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान जैसे ही पुलिस कर्मी बस में घुसे और सीटों के ऊपर बने रैक की तलाशी ली तो उसमें एक पैकेट मिला।
मौके पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया
पुलिस कर्मियों ने पैकेट के बारे में सवारियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी इसको अपना नहीं बताया।बस के चालक और कंडक्टर ने भी इस पैकेट को अपना बताने से इंकार कर दिया। पुलिस ने पैकेट को बाहर निकालकर जांच की तो इसमें नौ जेलेटिन स्टिक बरामद हुईं।
झज्जर कोटली पुलिस थाने में मामला दर्ज
इसके तुरंत बाद पुलिस ने पूरी बस को खाली करा दिया और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। साथ ही उच्च अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी। बम निरोधक दस्ते की मदद से इस विस्फोटक को निष्क्रिय कर दिया गया है। झज्जर कोटली पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।