दोमाना: जांच करने पहुंची पुलिस टीम
- फोटो : हरदीप ठाकुर
जम्मू शहर के साथ लगते थाना दोमाना के अंतर्गत बरनाई क्षेत्र में एक बंद पड़े स्कूल में फंदे से लटकता एक महिला का शव मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी जम्मू भेजा गया है। उधर, एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
जानकारी के अनुसार, बरनाई में एक निजी स्कूल लंबे समय से बंद पड़ा है। सोमवार को यहां सफाई के लिए जब दो लोग पहुंचे तो उन्होंने यहां खिड़की के पास फंदे से एक महिला के शव को लटकते हुए देखा। इसकी सूचना उन्होंने स्कूल मालिक और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी जम्मू भेजा। वहीं, एफएसएल टीम ने भी मौके से सबूक एकत्रित किए।
पुलिस ने बताया कि मृतक महिला पिंकी (30) अपने पति और दो बच्चों के साथ स्कूल से करीब 100 मीटर दूर ही अपर बरनाई क्षेत्र में एक किराये के मकान में रहती थी। परिवार मूलतः बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है।
मृतका के पति ने बताया कि एक दिन पहले रविवार को वह अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। वहीं, आज उसका शव बरामद हुआ है। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।