संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला पुलिस ने चोरों के खिलाफ अपनी मुहिम को जारी रखते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी के दो मामलों को सुलझाने का दावा किया है। जिला पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरी के दो मामलों को सुलझाया है और 25 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार तीन चोरों में से दो चोरों की पहचान ताहिर खान निवासी रख बरोटियां सांबा, असलम निवासी सताह सांबा के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा सुलझाए गए दो मामले थाना विजयपुर और थाना सांबा में सिडको पुलिस चौकी के माध्यम से दर्ज किए गए और आगे की जांच जारी है।
थाना विजयपुर में दर्ज चोरी के मामले में एसडीपीओ विजयपुर प्रियंका कुमारी की निगरानी में थाना प्रभारी विजयपुर त्रिभवन खजूरिया की टीम ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। सिडको पुलिस चौकी के माध्यम से थाना सांबा में दर्ज चोरी के मामले में एक चोर को इंचार्ज पुलिस पोस्ट सिडको दीपिका जलोत्रा और थाना प्रभारी सांबा राजेश्वर सिंह की एक टीम ने गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सांबा बेनाम तोश ने बताया कि ढाई माह के भीतर चोरों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर सांबा जिले में 61 चोरों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही चोरी के 32 मामलों को सुलझाया गया है।