संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। कस्बे के चिनाब दरिया के स्टील ब्रिज से फव्वारा चौक तक पीडब्ल्यूडी विभाग की देखरेख में सड़क को चौड़ा करने के प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं इसकी जद में कई दुकानें और मकान आने पर लोगों को रोजीरोटी की चिंता सताने लगी है। सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। 18 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। दो साल पहले भी सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू हुआ था, मगर कार्य करने वाली कंपनी कार्य बीच में ही छोड़ करके चली गई थी। अब दोबारा नई कंपनी ने कार्य शुरू किया है।
फोरलेन सड़क बनाने के दौरान बड़ी संख्या में दुकानें और मकान जद में आएंगे। ऐसे में दुकानदारों और मकान मालिकों में हड़कंप मच गया है। दुकानदार पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के संबंध में प्रशासन ने सही जानकारी नहीं दी है। ऐसे में लोग परेशान हैं। संजीव सिंह ने बताया कि अधिग्रहण से पहले लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए। दुकानदार बंटी शर्मा ने कहा कि कम से कम भूमि अधिग्रहण करनी चाहिए ताकि दुकानदारों की रोजीरोटी खत्म न हो। पीडब्ल्यूडी विभाग के एईई अंग्रेज सिंह ने बताया स्टील ब्रिज से मुख्य बाजार तक प्रथम चरण में सड़क का चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। सड़क के दोनों ओर तीस तीस फुट भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। एसडीएम अखिल सढौत्रा ने बताया मार्ग चौड़ीकरण के लिए अभी किसी भी दुकानदार और मकान मलिक को नोटिस जारी नहीं किया गया और न ही मुआवजा राशि निर्धारित की गई है।