संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला पुलिस ने थाना बाडी ब्राह्मणा के अधिकार क्षेत्र में तीन चोरी के मामलों काे सुलझाने का दावा किया है। चार कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है और चोरी किया सामान व नगदी बरामद की है। गिरफ्तार चोरों की पहचान शेर लाल निवासी बढोरी बाड़ी ब्राह्मणा जिला सांबा, शमशेर कुमार निवासी बढोरी बड़ी ब्राह्मणा, रोहन लाल निवासी तेली बस्ती बाड़ी ब्राह्मणा और जगपाल सिंह निवासी कुंजवानी जिला जम्मू के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि तीन चोरी के मामले-स्मैलपुर मेडिकल दुकान चोरी का मामला, तेली बस्ती घरेलू सामान चोरी मामला और बाडी ब्राह्मणा शिवालय निर्माण कंपनी की चोरी मामला का निपटारा कर लिया गया है। चोरी की गई नकदी और चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है और कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। एसडीपीओ बाड़ी ब्राह्मणा राहुल नागर और अतिरिक्त एसपी सांबा सुरिंदर चौधरी की देखरेख में पुलिस थाना प्रभारी बाड़ी ब्राह्मणा सुनील शर्मा, एसआई बलबीर सिंह, पीएसआई विवेक सिंह और पीएसआई निर्मल सिंह की पुलिस टीम ने कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सांबा बेनाम तोश ने कहा कि कुल 113 चोरों को गिरफ्तार किया गया है और पिछले छह महीनों में सांबा पुलिस ने 56 चोरी के मामले सुलझाए हैं और सभी चोरी के मामलों को सुलझाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।