संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। जिले के सुरनकोट मुख्यालय स्थित सरकारी डिग्री कॉलेज में बुधवार को नशीली वस्तुओं के दुरुपयोग और उसके दुष्परिणामों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराने के लिए कॉलेज की नशा विरोधी समिति ने एनएसएस इकाई के सहयोग से नशा मुक्त भारत पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि नशे से यारी युवाओं को सिर्फ बीमार बनाएगी। इसलिए हर तरह की नशे से दूर रहें। साथ ही अपने दोस्तों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रिंसीपल डॉ. रानी मुगल ने की। डीएसपी सुरनकोट हमीद अली बांडे विशेष अतिथी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुंछ विनय कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। अध्यक्षीय भाषण में डॉ. रानी मुगल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने की अपील की। मुख्य अतिथि विनय कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में समाज से नशीली दवाओं के खतरे को खत्म करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों और पुलिस के सहयोगात्मक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर जोर देते हुए इस खतरे को रोकने के लिए समाज के सदस्यों और बड़े पैमाने पर छात्रों द्वारा निभायी जाने वाली व्यक्तिगत जिम्मेदारी को उजागर किया। विनय कुमार शर्मा ने छात्रों को नशीली दवाओं के आदी लोगों और ड्रग माफिया से निपटने के अपने व्यक्तिगत अनुभवों से अवगत कराया। उन्होंने इस बात का आश्वासन दिया कि पुंछ जिला आने वाले दिनों में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का पहला नशा मुक्त जिला होगा। एनएसएस स्वयंसेवकों ने मंत्रमुग्ध कर देने वाला कॉलेज तराना और समाज में नशीली दवाओं के दुरुपयोग से संबंधित एक नाटक प्रस्तुत किया। डॉ. सैयद वजाहत हुसैन आईक्यूएसी समन्वयक ने औपचारिक स्वागत भाषण प्रस्तुत किया और नशीली दवाओं के दुरुपयोग से संबंधित प्रमुख क्षेत्रों का परिचय दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर खलीक अहमद काजी एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर फातिमा संयोजक कॉलेज एंटी-ड्रग एब्यूज कमेटी ने प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथि ने कॉलेज के परिसर में पौधरोपण किया। कार्यक्रम के अंत में कालेज विद्यार्थियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ नशा विरोधी अभियान को लेकर सीधे तौर पर बातचीत करते हुए विचारों का आदान-प्रदान किया।