संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जम्मू हाईवे स्थित राजोरी के मुरादपुर गांव में बुधवार को एक मकान का स्लैब डालते समय बिजली के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक मिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
राजोरी के दलोगड़ा निवासी 55 वर्षीय मिस्त्री केवल कुमार मुरादपुर में एक मकान पर स्लैब डालने का काम कर रहा था। इस दौरान सरिया सीधा करने के दौरान सरिया एचटी तार से टकरा गई और मिस्त्री को करंट लगने से वह बेहोश हो गया। मौजूद लोग उसे जीएमसी राजोरी ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया गया। उधर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। वही मिस्त्री की अचानक दर्दनाक मौत से पूरे परिवार के साथ-साथ दलोगड़ा गांव में मातम का माहौल है। मृतक के परिवार में सबका रो रो कर हाल बेहाल था।