संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। शहर के धनमा चिंग्स क्षेत्र में बुधवार और वीरवार की मध्यरात्रि को एक आदमखोर तेंदुए ने एक बकरवाल परिवार पर आक्रमण करके उनकी 30 के करीब भेड़ बकरियों को मौत के घाट उतार दिया। इस हमले में बकरवाल परिवार का एक व्यक्ति भी घायल हुआ है।
मोहम्मद शफी पुत्र गुलाम रसूल अपनी भेड़ बकरियों के साथ पीर पंजाल के पहाड़ी क्षेत्रोें की और जा रहा था। रात को वह इलाके में एक सुनसान जगह पर रुका। रात के अंधेरे में ही तेंदुए ने वहां पर हमला कर दिया और 30 के करीब भेड़ बकरियों की मौत हो गई जबकि इस हमले में मोहम्मद शफी भी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जीएमसी राजोेरी में भर्ती किया गया है। पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि उसकी भेड़-बकरिया ही उसके परिवार का एक सहारा थी और उनकी मृत्यु से वो बिल्कुल खुले आसमान के नीचे आ गया है।. उसने प्रशासन व सरकार से अपील करते हुए कहा कि वे उसकी आर्थिक सहायता करें ताकि फिर से अपने परिवार का पालन पोषण करने योग्य हो सके।