बिल्लू मंदिर में रावण-मारीच संवाद और सीता हरण के दृश्यों का भी हुआ मंचन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बिल्लू मंदिर में रामलीला जारी है, जिसे देखने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। छठे दिन राम-भरत मिलाप, रावण-मारीच संवाद और सीता हरण पर दृश्य मंचित किए गए। लेकिन इन सब में राम-भरत के मिलाप और वन से राम की चरण पादुकाएं लेकर लौटते भरत के दृश्य को देखकर लोग काफी भावुक नजर आए।
डोगरी में रामलीला का मंचन होने पर दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। बुधवार को सबसे पहले भरत और राम मिलाप का दृश्य दिखाया गया। भरत राम को राज संभालने और लौटने के लिए कहते हैं। इस पर राम नहीं मानते और पिता को दिए वचन का पालन करने के लिए कहते हैं। बाद में वह श्रीराम से चरण पादुकाएं मांगते हैं और महल में पूजा करने को कहते हैं। इस पर राम अपनी चरण पादुकाएं भरत को दे देते हैं।
दूसरे दृश्य में रावण-मारीच संवाद होता है। रावण सीता को हरण करने के लिए रूप बदलने को कहता है। रावण और मारीच वेष बदलकर सीता का हरण करते हैं। इसके बाद श्रीराम और लक्ष्मण सीता की तलाश शुरू करते हैं। वनों में तलाशने पर भी सीता माता नहीं मिलती है।
आज शबरी से होगी प्रभु श्रीराम की भेंट
वीरवार को रामलीला में भगवान श्रीराम और शबरी के भेंट के दृश्यों का मंचन किया जाएगा। साथ ही अशोक वाटिका में सीता के बैठने और हनुमान के वाटिका के पहुंचने के दृश्यों का भी मंचन किया जाएगा।