जम्मू शहर के राजीव नगर का मामला, लंबे समय नशा तस्करी में संलिप्त थीं आरोपी
त्रिकुटा नगर थाने में दर्ज हैं पांच मामले
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नशे के हॉट स्पॉट बने राजीव नगर में सक्रिय महिला नशा तस्करों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नशे के कारोबार से बनाई दो महिलाओं की करोड़ों रुपये की संपत्ति को रविवार को पुलिस ने कुर्क कर दिया है।
रविवार को एसपी साउथ अजय शर्मा के नेतृत्व में भारी सुरक्षाबल के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद महिला नशा तस्कर रीना उर्फ रूपा पत्नी बाबी का तीन मंजिला घर और सीमा देवी पत्नी पाल सिंह का दो मंजिला घर कुर्क कर दिया। दोनों घरों की कीमत करोड़ों रुपये में है और घर के नीचे दुकानें भी बनाई गई हैं। पुलिस दोनों घरों के बाहर नोटिस लगा कर सील कर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि इन घरों का निर्माण नशे के कारोबार से अर्जित धन से किया गया है। साथ ही जानकारी मिली कि 2017, 2019, 2017, 2022 और 2023 में इन आरोपियों के खिलाफ नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। पांच वर्ष से राजीव नगर में महिला तस्कर बड़े स्तर पर हेरोइन, गांजा और चरस का कारोबार कर रही थीं। पहले यह महिलाएं गांजा और चरस तस्करी में संलिप्त थीं, लेकिन गत तीन वर्ष से हेरोइन भी बेचने लगी थीं। उन पर शहर में युवाओं को नशा सप्लाई करने का भी आरोप है। एसपी साउथ ने बताया कि नशे तस्करी को लेकर पुलिस नरमी नहीं बरतेगी। इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया है कि नशे तस्करों की अब खैर नहीं, तस्करी से अर्जित संपत्ति कुर्क होगी।
कई बार पुलिस ने दबिश दी, हो रही मौतें
बता दें कि शहर का राजीव नगर नशे का हाॅट स्पाॅट बन चुका है, जहां पर कई युवाओं की नशे की वजह से मौत चुकी है। राजीव नगर के साथ ही कासिम नगर इलाका भी नशे का हाॅट स्पाॅट बना हुआ है। तीन वर्ष में इन दोनों क्षेत्रों में करीब 20 युवाओं की नशे की वजह से मौत हो चुकी है। इसके अलावा शहर में हेरोइन तस्करी के सबसे अधिक मामले इन्हीं दो क्षेत्रों से सामने आए हैं। कासिम नगर और राजीव नगर में तीन वर्ष के दौरान 60 मामले दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें 15 महिला तस्कर भी शामिल हैं।