कर्नल सीके नायडू ट्राफी : चौथे दिन 158 रन पर ढेर हुई प्रतिद्वंद्वी टीम
जम्मू-कश्मीर की टीम ने जीत के साथ बोनस अंक किए हासिल
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। वंशज शर्मा ने गेंद से 12 विकेट और कन्हैया वधावन की 130 रन की शतकीय पारी से जम्मू-कश्मीर ने पुडुचेरी को कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के मुकाबले में पारी और चार रन से हराकर हराया है। इस जीत के साथ ही जम्मू-कश्मीर ने बोनस अंक भी हासिल कर अपने स्थिति को मजबूत किया है।
जम्मू विश्वविद्यालय के मैदान में बुधवार को अंतिम दिन का खेल हुआ। इसमें पुडुचेरी की टीम ने छह रन से आगे खेलना शुरू किया। मेजबान जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने पहली पारी की तरह अब दूसरी पारी में पुडुचेरी के बल्लेबाजों को परेशान किया। बल्लेबाज पूरी तरह बेदम दिखाई दिए और पूरी टीम 48.5 ओवर में 158 रन पर ढेर हो गई। टीम के लिए कमलेश्वरन ए ने सर्वाधिक 40 रन की पारी खेली। कमलेश्वरन ए और आर जशवंत श्रीराम के बीच 76 रन की साझेदारी भी हुई, लेकिन इसके बाद विकेट का पतझड़ शुरू हो गया। इसके बाद पूरी टीम 158 रन पर ढेर हो गई। गेंदबाजी में जम्मू-कश्मीर के ऑफ स्पिनर वंशज शर्मा की फिरकी का जलवा दूसरी पारी में दिखा। उन्होंने 20 ओवर में 54 रन देकर सात विकेट झटके, जबकि अर्चित महाजन ने तीन विकेट लिए। जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 308 रन बनाए थे। टीम के लिए कन्हैया वधावन ने 130 रन की अहम पारी खेली थी। इस जीत के साथ जम्मू-कश्मीर ने सात अंक हासिल किए।