सर्कुलर रोड पर पाथवे बनाकर पहले चरण में करीब 30 और दूसरे चरण में 35 मीटर की वर्टिकल लिफ्ट स्थापित की जाएगी। इसका निर्माण होने से मुबारक मंडी, पीरखो, महामाया और बाहु रोपवे से जुड़ सकेगा।
पर्यटकों को अगले साल शहर के प्रतिष्ठित पीरखो रोपवे से ऐतिहासिक मुबारक मंडी तक वर्टिकल लिफ्ट का तोहफा मिल सकता है। जम्मू-कश्मीर केबल कार कारपोरेशन की ओर से वर्टिकल लिफ्ट परियोजना के लिए दिल्ली की सलाहकार कंपनी की सेवाएं ली जा रही हैं। यह 45 दिन में सर्वे और निविदा प्रक्रिया पूरी करके डिजाइन और डीपीआर के बाद 100 दिन के भीतर परियोजना पर काम शुरू करेगी। इसी कंपनी ने शिमला में भी वर्टिकल लिफ्ट का निर्माण किया है। पीरखो से मुबारकमंडी तक दो चरण में करीब 70 मीटर की लिफ्ट स्थापित करने की योजना है।
विज्ञापन
प्रस्तावित परियोजना में सर्कुलर रोड पर पाथवे बनाकर पहले चरण में करीब 30 और दूसरे चरण में 35 मीटर की वर्टिकल लिफ्ट स्थापित की जाएगी। इसका निर्माण होने से मुबारक मंडी, पीरखो, महामाया और बाहु रोपवे से जुड़ सकेगा। पर्यटकों के अलावा शहर के प्रमुख बावे वाली माता के मंदिर में आने वाले श्रदालु रोपवे से महामाया, पीरखो और फिर वर्टिकल लिफ्ट से मुबारक मंडी तक पहुंच सकेंगे। इस सफर में पर्यटकों को सुखद अनुभव और अहसास होगा, जिसमें जम्मू शहर के साथ तवी के विहंगम दृश्य देखने को मिलेंगे।
दो से दस लोगों को उठाने की होगी क्षमता
तकनीकी पहलुओं में वर्टिकल लिफ्ट में 2 से 10 लोगों तक उठाने की क्षमता होगी। पीरखो-महामाया रोपवे के प्रभारी राकेश भट्ट ने बताया कि वर्टिकल लिफ्ट के लिए सलाहकार एजेंसी की सेवाएं ली जा रही हैं। इसमें तीन माह से कुछ अधिक समय में वर्टिकल लिफ्ट पर काम शुरू हो जाएगा।