जम्मू में अब आवासीय और वाणिज्य नक्शे पास करवाना आसान होगा। नगर निगम का ऑटो डीसीआर सिस्टम यानी ऑटो डाक्यूमेंट कंटेंट रीडर दस मिनट में नक्शे को स्कैन करेगा और रिजल्ट देगा। इससे पहले तक नक्शे को अधिकारियों से पास करवाने में सात से दस दिन का समय लग जाता था। कई बार अधिकारी के अवकाश पर होने के चलते इससे भी ज्यादा समय लग जाता था। इन दिक्कतों से अब राहत मिलेगी।
अब जैसे ही नक्शे को स्कैन किया जाएगा। सॉफ्टवेयर के माध्यम से नक्शे को पास करने या उसे रद्द करने संबंधी जानकारी तुरंत मिल जाएगी। खास बात यह है कि नक्शे में जहां पर खामी होगी, उसका भी पता चल जाएगा। त्रुटी को दुरुस्त करने के बाद दोबारा नक्शा पास होगा। यह सुविधा शहरी एवं आवास विभाग के सौजन्य से दी जा रही है। इसके लिए विभाग का बंगलूरू में एक कंपनी से टायअप हो चुका है। अगले माह से लोगों को यह सुविधा मिलने लगेगी।
सॉफ्टवेयर से हर रोज होगा निपटारा
अभी तक हर रोज तीन से चार नक्शे पास करने के लिए पहुंचते थे। वहीं, एक माह में 25 से 30 नक्शे ही पास हो पाते थे। सॉफ्टवेयर से हर रोज नक्शों का निपटारा हो सकेगा।
नक्शा पास कराने में इतने लगेंगे पैसे
ऑटो डीसीआर सिस्टम से नक्शा पास करवाना सस्ता भी पड़ेगा। मौजूदा समय में नक्शा पास करवाने पर फीस तीन रुपये स्क्वायर फीट के हिसाब से ली जाती है। ऑटो डीसीआर सिस्टम से 50 पैसे स्क्वायर फीट फीस कटेगी।
सभी प्रक्रिया हो गई है पूरी
ऑटो डीसीआर सिस्टम को लाने के लिए सभी प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके शुरू होने की अगले माह तक संभावना है। इससे नक्शा दस मिनट में पास हो जाएगा। पहले की तरह आठ से दस दिन का इंतजार नहीं करना होगा।
-बलदेव सिंह बलोरिया, डिप्टी मेयर, नगर निगम।
बंगलूरू से लाया जा रहा सिस्टम
ऑटो डीसीआर सिस्टम बंगलूरू से लाया जा रहा है। इसमें एक से डेढ़ माह तक लगेंगे। इसके बाद नक्शा पास करना आसान हो जाएगा। प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
- ब्रह्म दत्त, बिल्डिंग परमिशन अधिकारी, नगर निगम।