जम्मू शहर का सबसे बडे़ फ्लाईओवर के उद्घाटन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग ढांचागत विकास प्राधिकरण लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने हरी झंडी दे दी है। इस संबंध में सरकार को सूचित भी कर दिया है। अब कभी भी इसका उद्घाटन किया जा सकता है।
एनएचआईडीसीएल के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार फ्लाईओवर पर वाहनों को चलाने की टेस्टिंग का काम पूरा हो गया है। ऐसे में सरकार को सूचित कर दिया गया है कि कनाल हेड से गणेश विहार तक 5. 2 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का उद्घाटन कभी भी किया जा सकता है।
133 पिलर वाले इस फ्लाईओवर से आधे घंटे का सफर अब केवल दस मिनट में पूरा हो जाएगा। कंपनी के परियोजना महाप्रबंधक सूरजपाल सिंह सांगवान ने दावा किया हैं कि शहर के सबसे लंबे फ्लाईओवर का निर्माण अंतर्राष्ट्रीय मानकों के आधार पर किया गया है। उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के अलावा फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड को कोई दिक्कत न आए इसका खास ख्याल रखा गया है। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए फ्लाईओवर के लिए कम से कम जगह ली गई है।
120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से वाहन चलाकर हुई टेस्टिंग
परियोजना महाप्रबंधक सूरज पाल सिंह सांगवान का दावा है कि फ्लाईओवर पर 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से वाहन चलाकर टेस्टिंग की गई और कहीं कोई परेशानी नहीं हुई। उद्घाटन के लिए 15 अक्तूबर से फ्लाईओवर तैयार है। इस संबंध में जम्मू-कश्मीर सरकार को भी चिट्ठी लेकर अवगत करवा दिया गया है।
फ्लाईओवर से लाखों लोगों को मिलेगा लाभ
जम्मू-अखनूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने कनाल हेड से मुट्ठी फ्लाईओवर से जम्मू-अखनूर के आसपास बसी कालोनियों के अलावा राजोरी और पुंछ जिले के लाखों लोगों को सीधा लाभ पहुंच रहा है। इससे करीब आधा घंटे के समय के अलावा ईंधन की बचत होने से भी लोगों को लाभ पहुंचेगा।