कृषि विभाग के प्रमुख सचिव ने की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सभी विभाग वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें। साथ ही लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचे और उचित रणनीति बनाकर और काम करें। यह निर्देश कृषि विभाग के प्रमुख सचिव शैलेंद्र कुमार ने केंद्र प्रायोजित योजनाओं (सीएसएस), कैपेक्स बजट, नाबार्ड और समग्र कृषि विकास के तहत क्रियान्वित की जा रही परियोजनाओं समीक्षा बैठक में दिए।
उन्होंने सभी परियोजनाओं की प्रगति पर उचित निगरानी तंत्र और नियमित अपडेट की आवश्यकता पर भी जोर दिया। समीक्षा में बाबा जित्तो सिंचाई परियोजना का एक विशिष्ट मूल्यांकन शामिल रहा। इसमें वर्षा आधारित क्षेत्र विकास पर अधिक ध्यान देने का आह्वान किया गया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने इन योजनाओं के तहत कार्यान्वयन की स्थिति, सामने आने वाली चुनौतियों और लंबित गतिविधियों में तेजी लाने के लिए रणनीतियों पर विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने एचएडीपी के तहत हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पाया कि एचएडीपी, सीएसएस और कैपेक्स परियोजनाओं के तहत व्यय को क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के समग्र लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीडीएमसी, एसएमएएम, आरएडी, आरकेवीवाई, पीकेवीवाई, एटीएमए, एनएफएसएम और अन्य जैसी प्रमुख प्रमुख योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए सीएसएस परियोजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की।