डिग्री कॉलेज बिश्नाह में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में एसपी हेडक्वार्टर ने विद्यार्थियों को किया जागरूकजारी नंबर पर भी सूचना देने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। पुलिस नशाखोरी रोकने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए दृढ़संकल्प है। लेकिन लोग भी सहयोग करेंगे तो अपराधिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सकता है। इसलिए लोग अपने कर्तव्य को समझते हुए समाज की भलाई के लिए आगे आएं। यह अपील एसपी हेडक्वार्टर रमणीश गुप्ता ने बुधवार को डिग्री कॉलेज बिश्नाह में अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में विद्यार्थियों और लोगों से की है।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे सहित अपराधिक गतिविधियों से बचने के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसपी हेडक्वार्टर रमणीश गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि नशाखोरों, अपराधियों से डरने की जरूरत नहीं है। थाने या पुलिस के पास जाने से बचना चाहते हैं तो पुलिस की ओर से जारी नंबरों पर कॉल कर समस्या बता सकते हैं। पुलिस हर कदम साथ है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और साइबर व अन्य अपराध से बचने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों को पुलिस की ओर से जारी आपात नंबरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थी शुभम, विनोद और गुरप्रीत के सवालों के एसपी ने बताया कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इस पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए जनता के सहयोग की जरूरत है। अगर आपके आसपास कोई नशा बेच रहा है और अपराधिक गतिविधियों में लिप्त है तो उसकी जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें। पहचान गुप्त रखी जाएगी। डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोहर लाल ने जागरूकता कार्यक्रम के लिए अमर उजाला का आभार जताया है। साथ ही आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजन करने की अपील की। इस मौके पर एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना, बिश्नाह थाना प्रभारी आबिद बुखारी, सरकारी बॉयज हाई सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य रेखा राजपूत विशेष तौर पर मौजूद रहे।