हिमाचल के साेनू को हरा कर जॉर्जिया के टेड्डो पहलवान ने जीती दूसरी माली
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। कस्बे में पब्लिक बजरंगी अखाड़ा कमेटी की ओर से सोमवार को वार्षिक दंगल का आयोजन हुआ। मुख्य मुकाबला पंजाब के अमृसर के पहलवान परवीन कोहली और पंजाब के ही रवि बेहरा के बीच हुआ, जो बराबरी पर छूटा। इस पर दोनों पहलवानों को एक-एक लाख रुपये के नकद इनाम से सम्मानित किया गया। पहला इनाम बुलेट था, जिसकी एवज में पहलवानों को बराबर पैसे बांट दिए गए। दूसरे मुकाबले में जार्जिया के टेड्डो पहलवान ने हिमाचल के सानू को हरा कर एक लाख रुपये के नाम पर कब्जा किया है।
125 साल पुराने ऐतिहासिक वार्षिक दंगल में जम्मू-कश्मीर सहित पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली और राजस्थान सहित अन्य राज्यों के नामी पहलवानों ने हिस्सा लेकर लोगों का मनोरंजन किया। दंगल का शुभारंभ भाजपा वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अश्विनी कुमार शर्मा ने किया। मुख्य मुकाबला पंजाब अमृतसर के पहलवान परवीन कोहाली व पंजाब के ही रवि बेहरा के बीच हुआ। लेकिन यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। कमेटी ने दोनों पहलवानों को एक-एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
दूसरा मुकाबला जॉर्जिया के टेड्डो पहलवान व हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के सोनू के बीच हुआ, जिसमें जार्जिया के पहलवान ने बाजी मारते हुए एक लाख रुपये के नकद इनाम पर कब्जा जमाया है। सोनू पहलवान को तीस हजार रुपये दिए गए। कमेटी की ओर से पहलवानों व दर्शकों के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। इस मौके पर कमेटी के प्रधान सतीश शर्मा, चेयरमेन देवराज भुट्टो, कुलदीप शर्मा, राकेश राजू, नंद किशोर, कुलवीर सिंह, कालीदास शर्मा, खेम राज, बिश्नाह थाना प्रभारी विक्रम शर्मा, प्रेमपाल शर्मा, डॉ. राजीव भगत, जय भारती, कुलदीप सोढ़ी आदि मौजूद रहे।