जम्मू। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जम्मू ने शुक्रवार को हाईकोर्ट समेत अन्य अदालतों में कामकाज ठप रखा। साथ ही विरोध प्रदर्शन किया। बार ने यह कामकाज एसडीएम घगवाल की शिकायत पर सांबा बार एसोसिएशन के एक वकील और अन्य लोगों पर दर्ज एफआई के विरोध में रखा। वकीलों ने कहा कि इस तरह की तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसडीएम ने एक तो वरिष्ठ वकील के साथ बदसलूकी की। ऊपर से कार्य करने से मना किया। अब प्रशासन वकीलों को ही दबाने का प्रयास कर रहा है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वकीलों ने कहा कि सांबा बार एसोसिएशन के साथ वह मिलकर खड़े हैं। ब्यूरो
मामला सुलझाने को 9 तक मांगा समय
सांबा। एसडीएम घगवाल और बार एसोसिएशन के बीच हुए हंगामे में जम्मू संभाग की सभी बार एसोसिएशन के सदस्यों ने समर्थन दिया। नौशेरा, रियासी आदि जगहों पर प्रदर्शन और रोष रैलियां भी निकाली गईं। शुक्रवार को एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडलायुक्त रमेश चंद्र से मिलने जम्मू पहुंचे। उन्होंने एसडीएम घगवाल के तबादले की मांग दोहराई। मंडलायुक्त ने मामले को सुलझाने के लिए 9 अगस्त तक का समय मांगा है।
मंडलायुक्त ने वकीलों को आश्वासन दिया है कि एसडीएम से सब रजिस्ट्रार के अधिकार ले लिए जाएंगे। साथ ही वकीलों पर पुलिस थाने में हुई शिकायत का भी निपटारा करवा दिया जाएगा। बार सदस्यों के अनुसार शनिवार को जम्मू संभाग की सभी बार एसोसिएशन के सदस्य सांबा कोर्ट में पहुंच कर दोपहर को प्रदर्शन करने वाले थे। लेकिन, मंडलायुक्त के आश्वासन के बाद निर्णय फिलहाल स्थगित कर दिया। शनिवार को पहले वे सभी एक बैठक करेंगे। इसके बाद आगे की रणनीति बनाई जाएगी। संवाद