राजोरी शहर और आसपास के इलाकों में बुधवार की देर शाम करीब 7:00 बजे अचानक मौसम खराब हुआ। पहले आसमान पर काले और घने बादल छाए, जिसके बाद तेज हवाएं और आंधी चली और उसके बाद बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो करीब आधे घंटे तक जारी रहा। वहीं तेज हवाएं और आंधी चलने से शहर के आसपास के कुछ क्षेत्रों में बिजली के पोल और तारे टूट जाने से करीब तीन घंटे तक राजोरी शहर और आसपास के कई इलाकों में बिजली गुल रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि शहर की इमरजेंसी बिजली भी गुल रही और इससे जीएमसी राजोरी में भी करीब 1 घंटे बिजली गुल रही और पूरा जीएमसी अस्पताल अंधेरे मे डूबा रहा। वहीं बिजली विभाग के कर्मचारी बिजली बहाल करने के प्रयास मे जुटे रहे और करीब एक घंटे के कड़े प्रयास के बाद जीएमसी की बिजली बहाल कर दी गई। लेकिन समाचार लिखे जाने तक शहर और आसपास के इलाकों में बिजली बहाल नहीं हुई थी।