-आबिद ने 35 रन देकर चटकाए तीन विकेट, जेएंडके की कमजोर शुरुआत 42 रन पर गंवाए तीन विकेट
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। रणजी ट्रॉफी के अंतिम लीग मैच के पहले दिन शुक्रवार को मेहमान जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने मेजबान मध्य प्रदेश की टीमों को 200 रनों पर समेट कर मजबूत शुरुआत की। हालांकि जम्मू-कश्मीर की शुरुआत भी ठीक नहीं रही और वह पहले दिन का खेल समाप्त होने पर अपनी पहली पारी में 17 ओवर में 42 रन बनाकर तीन तीन विकेट गंवा चुकी थी। वह अभी मध्यप्रदेश की पहली पारी से 158 रन पीछे है।
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में मध्यप्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मध्यप्रदेश की शुरूआत अच्छी नहीं रही और 14 रन के अंदर ही टीम ने तीन विकेट गंवा दिए। जेएंडके के उमर नजीर ने सलामी बल्लेबाज यश दूबे (5 रन) को, रोहित शर्मा ने हर्ष गावली (0 रन) को और आकिब नबी ने कप्तान शुभम शर्मा (3 रन) को आउट कर तीन महत्वपूर्ण सफलताएं दिलाई। इसके बाद मप्र के विकेटकीपर हिमांशु मंत्री और वेंकटेश अय्यर ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 105 रनों की शतकीय साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारी खेली।
वेंकटेश अय्यर ने 101 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 62 रनों की पारी खेली, जबकि हिमांशु मंत्री ने 121 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 50 रन बनाए। साहिल लोत्रा ने हिमांशु मंत्री को आउट कर यह जोड़ी तोड़ी। वहीं, रोहित शर्मा ने वेंकटेश अय्यर को आउट किया। इन दोनों के आउट होने के बाद कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। अन्य बल्लेबाजों में सारांश जैन ने 21 रन, आवेश खान ने 16 रन और ऋषभ चौहान ने 12 रनों का योगदान दिया। इस तरह मध्यप्रदेश की पहली पारी 65.4 ओवर में 200 रन पर सिमट गई। जेएंडके के लिए आबिद मुश्ताक ने 11.4 ओवर में 35 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं, रोहित शर्मा, उमर नजीर और आकिब नबी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि साहिल लोत्रा को एक विकेट मिला।
-
दो रन बनाकर आउट हो गए कप्तान शुभम खजूरिया
जेएंडके की पहली पारी की शुरूआत भी अच्छी नहीं रही और चौथे ही ओवर में कप्तान शुभम खजूरिया 2 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद विकेटकीपर फाजिल रशीद नौ रन और विवरांत शर्मा सात रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। 30 रन के अंदर जेएंडके ने तीन विकेट गंवाए। पहले दिन की समाप्ति पर मुसैफ अजीज 8 रन और आकिब नबी 10 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद हैं। मध्यप्रदेश के लिए सारांश जैन और कुलवंत खेजोरलिया ने एक-एक विकेट लिए। क्वार्टर फाइनल में प्रवेश के लिए जेएंडके के लिए यह मुकाबला जीतना जरूरी है।