दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में सुरक्षाबलों को वीरवार को हिज्ब के पुलवामा डिस्ट्रिक्ट कमांडर सहित दो आतंकियों को मार गिराने में सफलता मिली। पुलिस के अनुसार मारे गए आतंकी हिज्ब के मोस्ट वांटेड कमांडर रियाज नायकू के करीबी थे। मुठभेड़स्थल से हथियार और गोला बारूद भी बरामद किया गया है।
सुरक्षाबलों को इनपुट मिला था कि अवंतीपोरा के ख्रीव के शारशाली गांव में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं जिसके आधार पर सेना की 50 राष्ट्रीय राइफ ल्स (आरआर), सीआरपीएफ और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बुधवार देर रात को इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आतंकियों ने रात करीब एक बजे सर्च पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। एक अधिकारी ने बताया कि पहले आतंकियों को समर्पण के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने फि र से फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में वीरवार सुबह करीब 6 बजे दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया। इसके बाद काफी देर तक तलाशी अभियान जारी रहा। पुलिस के अनुसार, आतंकियों की शिनाख्त ब्राव बंदीना अवंतीपोरा के अदनान अहमद लोन उर्फ उकाब और मलंगपोरा पुलवामा के आदिल बिलाल उर्फ उमैर अल हिजबी के तौर पर हुई है। दोनों आतंकी हिजबुल मुजाहिदीन के थे। अदनान पुलवामा का डिस्ट्रिक्ट कमांडर था।
पुलिस के अनुसार, अदनान हिज्ब के टॉप कमांडरों में से एक था। वह चीफ कमांडर रियाज नायकू का काफी करीबी था। 2015 से अब तक उसका एक लंबा क्राइम रिकॉर्ड रहा है। अदनान श्रीनगर से एक बार मुठभेड़ के दौरान फ रार होने में कामयाब रहा है। आदिल भी रियाज नायकू का करीबी था और कई आतंकी वारदातों को अंजाम दे चुका था। अक्तूबर 2017 में अवंतीपोरा में हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की हत्या में भी शामिल था।
मारे गए आतंकियों से 2 एके-47 राइफ ल, अन्य हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ है। इस बीच अवंतीपोरा में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। बनिहाल और श्रीनगर के बीच रेल सेवा भी ठप रही। अदनान अहमद लोन के जनाजे में काफी संख्या में लोग पहुंचे। उसे उसके पैतृक गांव ब्राव बंदीना में दफ नाया गया। इस दौरान आजादी के हक में नारेबाजी भी हुई।