अमर उजाला की ओर से मेधावी छात्र सम्मान समारोह 10 नवंबर को होगा। शेर-ए-कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय (स्कॉस्ट) चट्ठा जम्मू में आयोजित इस कार्यक्रम में उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा मेधावियों को प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित करेंगे।जम्मू-कश्मीर स्कूल बोर्ड के 10वीं व 12वीं के जम्मू, कठुआ, सांबा, उधमपुर, राजोरी, पुंछ व रामबन के मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा।
बाबा जित्तो आडिटोरियम में होगा समारोह
बाबा जित्तो आडिटोरियम में आयोजित समारोह में उप-राज्यपाल के सलाहकार आरआर भटनागर, मेयर राजिंदर शर्मा, डीडीसी अध्यक्ष भारत भूषण, स्कॉस्ट के वाइसचांसलर प्रो. जेपी शर्मा, श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के वाइसचांसलर प्रो. आरके सिन्हा, क्लस्टर विश्वविद्यालय के वाइसचांसलर प्रो. बेचन लाल, जम्मू विश्वविद्यालय के वाइसचांसलर प्रो. उमेश राय समेत तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, चिकित्सा जगत की हस्तियां व गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
उप-राज्यपाल के स्वागत के लिए कृषि विश्वविद्यालय परिसर को सजाया गया है। परिसर में प्रवेश के साथ ही उप राज्यपाल को मोटरसाइकिल दस्ता पायलट करते हुए आडिटोरियम तक लाएगा।
मेधावियों में उत्साह, दूरदराज के बच्चे पहुंचे जम्मू
मेधावी छात्र सम्मान समारोह में अमर उजाला पूरे प्रदेश की ओर से ऐसे ही प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान करेगा, जो पूरे जम्मू-कश्मीर की शान बने हैं। समारोह में उनके माता-पिता तथा अभिभावक भी मौजूद रहेंगे। उप-राज्यपाल के हाथों मेधा का सम्मान होने के पल के लिए विद्यार्थियों के साथ ही अभिभावकों में खासा उत्साह है।
इनका कहना है कि उप-राज्यपाल के हाथों सम्मान पाना उनके लिए गर्व की बात होगी। जबसे समारोह की सूचना मिली है तबसे बेकरारी तेज हो गई है। बस समारोह के समय का इंतजार है। समारोह में शामिल होने के लिए दूरदराज के इलाकों के बच्चों व अभिभावक बुधवार को ही जम्मू पहुंच गए।
ज्ञात हो कि सामाजिक सरोकारों से नाता रखते हुए प्रति वर्ष अखबार के प्रसार क्षेत्र वाले राज्यों में मेधावी छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है। पिछले दिनों इस प्रकार का आयोजन देहरादून, लखनऊ, शिमला तथा हरियाणा में किया जा चुका है।