जम्मू। वित्तीय वर्ष के दौरान केवीआईबी द्वारा 1606 इकाइयों की स्थापना के लिए 38.85 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिससे 12260 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। इनमें करीब 40 फीसदी मामले महिला उद्यमियों के हैं। यह बातें जम्मू-कश्मीर खादी ग्राम एवं उद्योग बोर्ड (केवीआईबी) की अध्यक्ष डॉ. हिना शफी भट ने सिविल सचिवालय में बोर्ड की समीक्षा बैठक में कही।
बैठक में जम्मू-कश्मीर केवीआईबी के सचिव और मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. जगदीश चंदर, वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा जम्मू संभाग के बोर्ड के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. हिना शफी भट ने कहा कि आवेदन प्रसंस्करण को सुव्यवस्थित और आसान बनाया जाए। इससे प्रदेश में उद्यमिता को बढ़ावा मिल सकेगा। इच्छुक उद्यमियों और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए डॉ. हिना शफी भट ने जिला अधिकारियों से जागरूकता अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। पीएमईजीपी और जेकेआरईजीपी जैसे रोजगार सृजन कार्यक्रम उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने, व्यक्तियों को अपना व्यवसाय शुरू करने और आर्थिक विविधीकरण में योगदान करने के लिए सशक्त बनाने के लिए तैयार किए गए हैं।