डेंगू की रोकथाम के लिए डिवकाम बैठक में दिशा निर्देश देते हुए
जारी प्रयासों, तैयारियों और उपायों की भी ली जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। डेंगू की रोकथाम के लिए अधिकारी स्थिति पर नजर रखें और दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यह बात जम्मू संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने डेंगू की तैयारियों और निवारक उपायों के लिए हुई बैठक में कही।
बैठक में डेंगू की रोकथाम और इसके मामलों को कम करने के लिए चल रहे प्रयासों, तैयारियों और उपायों पर चर्चा की गई। निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं जम्मू ने संभागीय आयुक्त को जिलेवार डेंगू मामलों की वार्षिक तुलना और मासिक रुझानों से अवगत कराया। उन्होंने डेंगू के मामलों वाले क्षेत्रों में तैनात डॉक्टरों की टीमों, रसद, उपकरण और चिकित्सा स्टॉक के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने डेंगू के मामलों वाले क्षेत्रों में फॉगिंग तेज करने और घर-घर छिड़काव गतिविधियां करने को कहा।
मंडलायुक्त ने बाजाराें, आवासीय कॉलोनियों और आवासों पर मुख्य ध्यान देने के साथ डेंगू और इसकी रोकथाम पर कठोर जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कहीं भी पानी जमा न हो। मंडलायुक्त ने डेंगू रोगियों के उपचार के लिए जीएमसी और अस्पतालों की तैयारियों का विवरण भी मांगा। जिला प्रशासन और सीएमओ को डेंगू के मामलों के इलाज के लिए निजी अस्पतालों को तैयार रखने के लिए अपने साथ लेने के लिए कहा गया।