पीर पंजाल की पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से पटी हुईं
- फोटो : बासित जरगर
पिछले लंबे समय से खुश्क सर्दी का सामना कर रहे प्रदेश के लोगों को राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 29 और 30 दिसंबर को कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसमें कश्मीर संभाग अधिक प्रभावित होगा, जिससे नए साल पर पर्यटकों को जम्मू कश्मीर में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। सर्दियों की छुट्टियों में बर्फबारी पर ही होटल व्यवसाय निर्भर है। इससे कश्मीर के पहलगाम, गुलमर्ग, सोनमर्ग के अलावा नत्थाटॉप, पटनीटॉप सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर नए साल के जश्न के लिए हजारों पर्यटक पहुंचते हैं। इस बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है। जम्मू समेत कई जिलों में रात के साथ दिन में कोहरा छा रहा है।
पिछले तीन दिन से राजधानी जम्मू में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के बीच चल रहा है। यहां बीती रात भी न्यूनतम तापमान सामान्य से गिरकर 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का पारा सामान्य से 4.6 डिग्री गिरकर 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 1.0, बटोत में 0.7, कटड़ा में 7.2 और भद्रवाह में 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में शरीर को जमा देने वाली ठंड के बीच बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
श्रीनगर, काजीगुड, कोकरनाग और कुपवाड़ा में सामान्य से तापमान कम
कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों में छिटपुट बर्फबारी की संभावना के बीच सोमवार को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में रविवार रात का न्यूनतम तापमान माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम था। शनिवार की रात यह माइनस 5.8 डिग्री था।
अधिकारी के मुताबिक इस बीच काजीगुंड में न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम था। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 5.7 डिग्री रहा, जो इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी। हालांकि यह सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं कोकरनाग में न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री रहा, जोकि सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम था।
अधिकारी ने कहा कि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक था। उन्होंने कहा कि कुपवाड़ा शहर में पारा माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम था। इस बीच लद्दाख में लेह और कारगिल में न्यूनतम तापमान क्रमश: माइनस 13.4 डिग्री सेल्सियस और माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।