- जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मियों की आज प्रधान सचिव के साथ होगी बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने मुख्य सचिव अटल डुल्लू के समक्ष नियमितीकरण की मांग रखी। इसको लेकर मुख्य सचिव के साथ बैठक हुई।
बैठक के दौरान रवि हंस, होशियार सिंह, राजेंद्र सिंह और अन्य ने कहा कि कर्मचारियों को नियमित किया जाए। लंबे समय से मांग की जा रही है मगर अभी तक कुछ नहीं हुआ है। अन्य विभागों में कर्मचारियों को नियमित करने पर प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। इसके अलावा यूटी की तर्ज पर 500 रुपये देने और लंबित मानदेय जारी करने की मांग की गई। इस मौके पर मुख्य सचिव ने जल्द ही मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। वहीं, वीरवार को जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की बैठक प्रधान सचिव जलशक्ति विभाग से होगी। इसमें भी मांगों को रखा जाएगा और पूरा करने को लेकर आगामी कार्रवाई शुरू होगी।
पहले कर्मचारियों ने कंपनी बाग में प्रदर्शन किया था। इस दौरान जल आपूर्ति ठप कर दी गई थी। कर्मचारियों को मुख्य सचिव से बैठक करवाने का आश्वासन डिवकाम की ओर से दिया गया था। बुधवार को बैठक कर कर्मचारियों ने मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा है। इसे भी आगामी कार्रवाई के लिए प्रधान सचिव शालीन काबरा को भेज दिया है।