कश्मीर घाटी को शेष भारत के साथ रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना पर निर्मित विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे पुल अब अन्य देशों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। रियासी जिले में चिनाब नदी पर बनी इस शानदार संरचना (पुल) के निर्माण से लेकर इसे रेल परिचालन के लिए तैयार करने के सफर को जानने के लिए मालदीव गणराज्य के प्रतिनिधिमंडल ने पुल का दौरा किया।
17 मई को मालदीव के राष्ट्रीय योजना, आवास और बुनियादी ढांचा मंत्री मोहम्मद असलम और राज्य मंत्री शिफाज अली ने प्रतिनिधिमंडल के साथ दौरा किया। परियोजना के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एसपी माही ने परियोजना, चिनाब पुल सहित कटड़ा-बनिहाल सेक्शन में सुपर संरचनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही घाटी में ट्रेन पहुंच जाएगी। इससे घाटी का देश के अन्य शहरों के साथ हर मौसम में सुगम परिवहन सुविधा होगी।
मोहम्मद असलम ने कहा कि भारतीय रेलवे देश में जो विकास ला रहा है उससे व प्रभावित हैं। प्रतिनिधिमंडल के परियोजना निदेशक, पीएमयू महजूब शुजाउ, मोहम्मद जिनान सईद, परियोजना प्रबंधक, जीएमसी-एमटीएल परियोजना, पीएमयू, मालदीव गणराज्य शामिल थे।