आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापामारी कर रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। क्षेत्र के कूल कोठे गांव में विवाहिता बंदना देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के तीसरे दिन पुलिस ने मामले से संबंधित सामान को जब्त कर लिया है। इसमें मृतका के संस्कार की राख भी शामिल है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए निरंतर छापामारी कर रही है, और उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। वहीं, दूसरी ओर बंदना के पति सुभाष चंद्र का फोन बंद आ रहा है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में मुश्किल हो रही है।
जरूरी सामान जब्त करने के बाद पुलिस ने गत दिन मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी, और मृतका बंदना देवी के मायके वालों की तरफ से निरंतर पुलिस से आरोपियों को पकड़ने के लिए कहा जा रहा है। वहीं, पुलिस ने धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस को इस मामले में अभी तक कोई अहम कड़ी नहीं मिल पाई है, जिससे आरोपियों को पकड़ा जा सके। गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को बंदना देवी (25) पत्नी सुभाष चंद्र निवासी कूल कोठे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, और गुपचुप तरीके से 7 लोगों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। जब पुलिस को इसके बारे में पता चला तो संस्कार करने वाले सभी लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले को सुलझाने में लगी हुई है कि किन कारणों से बंदना देवी की मौत हुई है।
-
बंदना देवी के मौत के मामले से संबंधित जरूरी सामान जब्त कर लिया गया है, और आरोपियों को पकड़ने के लिए निरंतर छापामारी की जा रही है। सोमवार को तीन लोगों की कॉल डिटेल निकलवाई जाएगी। उससे मामले से जुड़ा कोई सुराग मिल सकता है।
- दीपक सिंह कटोच, थाना प्रभारी