हादसे का कारण जानने के लिए घायल युवक से भी की पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। ब्यासपुर-मुल्लेचक सड़क हादसे में बुधवार को एक युवक की मौत और एक के घायल होने के मामले में वीरवार को पुलिस ने हादसे का कारण जानने के लिए पूरे क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज निकाली। इसमें पुलिस ने पाया कि हादसे के समय वहां से तीन गाड़ियां गुजरी हैं। उसमें एक ट्रैक्टर-ट्राली, एक टाटा मोबाइल और एक ऑटो शामिल है। पुलिस ने शक के आधार पर इन तीनों गाड़ी चालकों से पूछताछ की है, जिसमें पुलिस को हादसे के कुछ अहम सुराग लगे हैं।
वहीं, दूसरी ओर पुलिस क्षेत्र में लोगों से भी पूछताछ कर रही है। हादसे में घायल युवक से भी पुलिस ने जीएमसी जम्मू में मुलाकात की। पुलिस ने दावा किया है कि शुक्रवार तक हादसे के मुख्य कारण का पता चल जाएगा। उसी के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि बुधवार देर शाम को योगेश कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिजन उसका शव घर ले गए थे। पुलिस ने रात में ही उसका पोस्टमार्टम करवाना चाहा, लेकिन घरवालों ने रात को शव पुलिस के हवाले नहीं किया। सुबह शव का पोस्टमार्टम हुआ और दोपहर को उसका अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, घायल युवक कलाराम का इलाज जीएमसी में चल रहा है। उसकी एक टांग और एक बाजू बुरी तरह घायल है।
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए वीरवार को सीसीटीवी फुटेज निकाली गई है। इसमें कुछ गाड़ियां हादसे के समय उस क्षेत्र से गुजरी हैं। कुछ संदिग्ध लोगों को थाने में बुलाकर पूछताछ की गई है। शुक्रवार तक हादसे के मुख्य आरोपी का पता चल जाएगा। उसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- दीपक सिंह कटोच, थाना प्रभारी, अरनिया