संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। यूथ सर्विसिस एंड स्पोर्ट्स विभाग की ओर से अंडर-19 आयु वर्ग श्रेणी में लड़कियों के लिए मंडल स्तरीय अंतर जिला क्रिकेट (लेदर बॉल) प्रतियोगिता सुभाष स्टेडियम में शुरू की गई। पहले दिन के मैच जिला डोडा और उधमपुर ने जीते। शनिवार को पहले सेमीफाइनल मैच में जिला किश्तवाड़ का मुकाबला जिला कठुआ और दूसरे सेमीफाइनल मैच में डोडा जिले का मुकाबला जिला जम्मू से होगा।
शुक्रवार को जिला यूथ सर्विसिस एंड स्पोर्ट्स अधिकारी रोमेश चंद्र की अध्यक्षता में शुरू हुई प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर बैंक की हाउसिंग काॅलोनी शाखा के प्रबंधक अनिल पाबा बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जबकि उनके साथ जेडपीईओ टिकरी अजीत सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उद्घाटन मैच में जेडपीईओ शाम लाल, जेडपीईओ पुष्पिंदर कौर, जेडपीईओ सुषमा रानी आदि मौजूद थे। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के सुचारू और सफल संचालन के लिए विभाग को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी।
पहले मैच में पुंछ जिले ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और केवल 44 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके बाद डोडा जिले ने तीन विकेट खोकर दिए गए लक्ष्य को पूरा कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे मैच में सांबा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उधमपुर जिले ने बिना किसी विकेट के 105 रनों का लक्ष्य दिया। सांबा ने 4 विकेट पर केवल 91 रन बनाए। उधमपुर ने 14 रनों से जीत हासिल की। इसमें किरण ने 44 रन और राशि ने 21 रन (दोनों नाबाद) का योगदान दिया और टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।
टूर्नामेंट के लिए चयनकर्ता संदीपन, पायल चौधरी (जम्मू) और पूजा शर्मा (उधमपुर) थे। इस मौके पर विनोद कुमार कहजुरिया (संयोजक), राज कुमार शर्मा, राजेश शर्मा, राकेश कहजुरिया, रमन कुमार, राकेश, सौरव पंडित, दीपक शर्मा, इशांग बंदराल और अशोक मौजूद थे।