- 18 माह बाद भी पूरे शहर में शुरू नहीं हो पाया ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, सितंबर 2022 में पूरा हो गया था काम
- सोमवार को दिन भर लगा रहा जाम, पांच मिनट का सफर तय करने में लगा पौना घंटा
- इंदिरा चौक, ज्यूल, कनाल हेड चौक में ट्रैफिक लाइटें बंद पड़ी हुई हैं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। 18 माह बाद भी इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम शहर के कुछ चौराहों पर शुरू नहीं हो पाया है। इस प्रोजेक्ट का काम सितंबर 2022 में पूरा हो चुका है। परियोजना पर 30 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। मौजूदा समय में ज्यूल चौक, कनाल हेड, इंदिरा चौक सहित अन्य जगहों में ट्रैफिक लाइट सिस्टम लग चुका है मगर लाइटें अभी भी बंद हैं। जाम के कारण आम लोगों के अलावा इमरजेंसी वाहन और सेना के वाहन भी जाम में फंस रहे हैं। लोगों को पांच मिनट का सफर तय करने में पौना घंटा लग रहा है।
बता दें कि जहां ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू नहीं हुआ है, वहां अभी भी पुराने तरीके से ही यातायात बहाल हो रहा है। ज्यूल चौक में बिक्रम चौक से बस स्टैंड जाने वाले वाहन और कनाल हेड से बस स्टैंड और बिक्रम चौक आने-वाले वाहन जाम में फंस रहे हैं। वहीं, ज्यूल से डोगरा चौक जबकि ज्यूल से कनाल हेड पर जाम की स्थिति है। इसी तरह कनाल हेड में लगी ट्रैफिक लाइटें काम नहीं कर रहीं। सबसे ज्यादा ट्रैफिक जाम सुबह आठ बजे से 11 बजे और शाम पांच से शाम आठ बजे तक रहता है। इसी तरह बख्शी नगर मोड़, बिग्रेडियर राजेंद्र सिंह चौक और इंदिरा चौक में भी ट्रैफिक लाइटें काम नहीं कर रहीं।
चौराहों में 633 कैमरे लगाए जा चुके हैं
शहर में चौराहों में निगरानी के लिए 633 से ज्यादा कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। इन कैमरों के माध्यम से बिना हेलमेट, ट्रिप्पल राइडिंग, गलत तरीके से वाहन चलाना, ड्राइविंग करते मोबाइल का प्रयोग, सीट बेल्ट न डालने के चालान भी कटते हैं। इसके अलावा अन्य वारदातों पर भी नजर रखी जाती है।
स्कूल, कालेज व कार्यालय जाने वाले परेशान
दुकानदार रोशन लाल और परिचालक दीप राज ने कहा कि स्कूल, कालेज व कार्यालयों में जाने वाले लोग देरी से अपने गंतव्य पर पहुंच रहे हैं। जाम लगने पर मजबूरन लोगों को मेटाडोर से उतरकर पैदल चलकर कार्यालय में पहुंचना पड़ रहा है। ज्यूल चौक में सुबह के समय काफी ट्रैफिक रहता है। 11 बजे के बाद ही कुछ राहत मिलती है।
कोट
ट्रैफिक लाइटों के माध्यम से ही यातायात बहाल होगा। जिन भी लाइटों में दिक्कत आ रही है। उन्हें ठीक करवाया जाएगा। शहर भर में सिस्टम स्थापित किया जा चुका है।
- फैजल कुरैशी, एसएसपी, यातायात पुलिस
कोट
ट्रैफिक लाइट सिस्टम लगाने का काम नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत हुआ है। लाइटों को चेक करवाया जाएगा। तकनीकी समस्या को हल करवाया जाएगा।
- चांद सिंह, सचिव, नगर निगम