दोमाना। मंडलायुक्त जम्मू डॉ. राघव लंगर ने बुधवार को रायपुर दोमाना की पंचायत घैंक और भलवाल में बनाए गए कोविड केयर सेंटरों का दौरा किया। उन्होंने जहां पर चिकित्सा, बिजली, पानी, शौचालय और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। डीडीसी सदस्य रमेश भी थे। बीडीसी चेयरमैन भलवाल कुलदीप राज ने डिवकॉम को चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी मुहैया करवाई और जल्द हर कोविड केयर सेंटर में ऑक्सीजन गैस सिलिंडर स्थापित करने की मांग की। डिवकॉम ने आश्वासन दिया कि जल्द सभी पंचायतों में बने कोविड केयर सेंटरों में ऑक्सीजन और अन्य चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। हर पंचायत में बने कोविड केयर सेंटर में आशा वर्करों के साथ कोविड किट भी उपलब्ध करवाई गई है। भलवाल के सरपंच राजदेव सिंह, घैंक के सरपंच शिवदेव सिंह और घरोटा पंचायत के सरपंच प्रताप सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों को उनकी पंचायत में किसी भी तरह की कोई भी कमी नहीं आएगी। हर प्रकार की सहायता मरीजों को उपलब्ध करवाई जाएगी। मंडलायुक्त राघव लंगर ने जल्द सभी पंचायतों में कोविड केयर सेंटर शुरू करने का आदेश दिया।