बसोहली। एडीसी अजीत सिंह ने मंगलवार को अटल सेतु स्थित जल शक्ति विभाग के फिल्ट्रेशन प्लांट और पंपिंग स्टेशन का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। जेई अनूप शर्मा से बसोहली क्षेत्र में होने वाली पेयजल आपूर्ति के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद पानी स्टोर करने वाले वाटर टैंक का भी निरीक्षण किया। जेई ने बताया कि पुराना फिल्ट्रेशन प्लांट चल रहा है, जबकि नया बंद रखा गया है, क्योंकि उसमें अभी जाली लगाने का काम शेष है।
एडीसी ने जलशक्ति विभाग के एक्सईएन बीके डोगरा को खुले में बनाए गए फिल्ट्रेशन प्लांट को ढकने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए। जेई ने पब्लिक स्टेशन की बाउंड्री वाल लगाने की मांग की। गौरतलब रहे कि चार वर्ष पूर्व तत्कालीन एडीसी ने इस फिल्ट्रेशन प्लांट का ढकने के निर्देश दिए थे, लेकिन आजतक कोई काम नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया था कि दिन के समय बंदर फिल्ट्रेशन प्लांट के पानी में नहाते हैं, जिससे पानी दूषित होता है।