जम्मू। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य समारोह एमए स्टेडियम में होगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वीरवार को उपायुक्त ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इसमें पुलिस, प्रशासन, संबंधित विभाग और अन्य अफसरों ने हिस्सा लिया।
बैठक में परिवहन, पार्किंग, बिजली, जलपान, चिकित्सा, एंबुलेंस की उपलब्धता, दमकल गाड़ियों की तैनाती और स्वच्छता प्रबंधों सहित राष्ट्रीय समारोह के आयोजन स्थल पर की जाने वाली व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि जेकेपी, सीआरपीएफ, फायर एंड इमरजेंसी, वन सुरक्षा बल, पुलिस बैंड की टुकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सूचना विभाग की ओर से शहनाई वादन और देशभक्ति संगीत से कार्यक्रम का आगाज होगा।
उप निदेशक सूचना विभाग को कार्यक्रम के सुचारू कवरेज के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीएएस) और मीडिया की व्यवस्था करने के लिए कहा गया। सीएमओ को किसी भी घटना से निपटने के लिए समारोह स्थल पर एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीमों को तैनात करने का निर्देश दिया। नगर निगम के अधिकारियों को मुख्य स्थल और पूरे शहर की उचित स्वच्छता और सफाई सुनिश्चित करने, मुख्य शिक्षा अधिकारी को राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए टुकड़ियों और छात्रों का चयन करने, जेकेएसआरटीसी के अधिकारियों से रिहर्सल और मुख्य कार्यक्रम के दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले बच्चों के लिए परिवहन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के सुचारू और सफल संचालन के लिए तालमेल और आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।