अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिला खनिज अधिकारी डॉ. गुलशन कुमार ने खनन विभाग की टीम के साथ जिले के विभिन्न स्थानों का सोमवार को औचक दौरा किया। उपायुक्त के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अवैध खनन और परिवहन में लगे आठ वाहनों को जब्त किया गया। पर्यावरण और सरकारी खजाने के लिए खतरा पैदा करने वाली अवैध खनन की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के ठोस प्रयास के हिस्से के रूप में कार्रवाई की गई है। एक जेसीबी को पुलिस चौकी चौरा के प्रभारी को सौंपा गया। इसके अतिरिक्त ट्रॉली (जेके 02सीवी 9720) व ट्रैक्टरों को कठार और कांगड़ रिंग रोड क्षेत्र में जब्त किया गया। इसी तरह टिप्पर भी पकड़ा गया। डॉ. गुलशन कुमार ने खनिजों के अवैध खनन और परिवहन से निपटने के लिए निरंतर प्रयास पर जोर दिया।बताया कि मानसून के दौरान लघु खनिज ब्लॉकों में सभी खनन कार्यों को 15 सितंबर तक अस्थायी रूप से बंद किया है। खनिजों के परिवहन की अनुमति केवल वैध ई-चालान के बाद दी जाती है।