अमर उजाला ब्यूरो जम्मू। कोरोना वायरस के फैलते संक्रमण की वजह से इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने जून टर्म एंड एग्जाम (टीईई) परीक्षा के लिए फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। इग्नू में एडमिशन लेने के लिए अब स्टूडेंट्स 30 अप्रैल तक फॉर्म जमा करवा सकते हैं। इस समय पूरे देश में चल रहे लॉकडाउन के चलते कोई भी घर से बाहर नहीं जा पा रहा। ऐसे में विद्यार्थियों को साइव कैफे जाकर फार्म भरने की भी सुविधा नहीं है, जिसके कारण इग्नू की तरफ से फार्म जमा करवाने की तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। इग्नू की तरफ से जारी नोटिफिकेशन में उन्होंने कहा है कि देश में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के संक्रमण और लॉकडाउन के चलते जून टर्म एंड एग्जाम (टीईई) परीक्षा के लिए फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। इसके लिए किसी भी तरह की कोई लेट फीस नहीं ली जाएगी। पहले यह डेट 31 मार्च, 2020 थी जिसे अब बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दिया गया है। विद्यार्थियों की सहुलियत को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।