- नगरोटा और त्रिकुटा नगर में कश्मीर के पांच हेरोइन तस्कर भी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने नशा तस्कर की लाखों रुपये की संपत्ति कुर्क की है। शहर के तोफशेरखानियां में नशा तस्कर बाबी मेहरा का 30 लाख रुपये का घर और दुकानें कुर्क कर दी गईं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने यह संपत्ति नशा तस्करी की कमाई से बनाई है। आरोपी के खिलाफ नशा तस्करी के कई केस दर्ज हैं। बार-बार गिरफ्तार होने के बावजूद वह सुधर नहीं रहा। इसी के चलते पुलिस ने यह कार्रवाई की। इससे पहले पुलिस की तरफ से जम्मू के बख्शी नगर, राजीव नगर, कासिम नगर, नरवाल में पुलिस ने नशा तस्करों के घर कुर्क किए गए हैं।
पुलिस नई रणनीति के तहत नशा तस्करों की संपत्तियां कुर्क कर रही है। डीएसपी जहीर अब्बास का कहना है कि नशा तस्कर बाबी मेहरा पिछले दो वर्ष से लगातार नशा तस्करी कर रहा था। इसके खिलाफ केस दर्ज हैं। नशा तस्करी से ही इसने लाखों रुपये का घर खड़ा किया जिसे कुर्क किया गया है।
तीन हेरोइन तस्करों को दबोचा
त्रिकुटा नगर पुलिस ने तीन हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जेडीए कार्यालय बहू प्लाजा के पास पुलिस के गश्त दल ने हरियाणा नंबर की कार (एचआर62ए -6518) को तलाशी के लिए रोका। इस पर वाहन चालक ने वहां से भागने का प्रयास किया जिसे थोड़ी दूरी पर रोक लिया गया।
तलाशी लेने पर चालक और उसके साथ बैठे दो अन्य युवकों से हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों में मोहसिन असलम निवासी हमामा बड़गाम श्रीनगर, मोहम्मद अमीन निवासी शेखपुरा बड़गाम श्रीनगर और अजहर मंजूर भट्ट निवासी नौबाजार श्रीनगर शामिल हैं।
नगरोटा में भी दो हेरोइन तस्कर काबू
नगरोटा के बजालता मोड़ पर मंगलवार पुलिस ने नाका लगाकर दो युवकों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। कार (जेके15ए 5697) को रोके जाने पर इसमें सवार मुदासिर अहमद निवासी बांदीपोरा और मुनीर अहमद निवासी बांदीपोरा से हेरोइन बरामद हुई।