संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। सिक्स ए साइड ओपन नॉक आउट हॉकी टूर्नामेंट (पुरुष) में बंधु रख हॉकी क्लब, दशमेश क्लब गुरु नानक नगर और एमबीएस सिंबल कैंप ने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धनोआ और डीएसपी हुमायूं भट को श्रद्धांजलि देने के लिए सिख नौजवान सभा बंधु रख टूर्नामेंट करवा रहा है। इसमें 12 टीमें भाग ले रही हैं।
बंदुरख हॉकी स्टेडियम में मंगलवार को तीन मुकाबले हुए। पहला मुकाबला बंधु रख हॉकी क्लब और अकाली कौर सिंह डिग्याना के बीच खेला गया, जिसमें बंधु राख हॉकी क्लब ने 5-2 से जीत हासिल की। बंधुरख से किरणदीप और रोहित ने दो-दो गोल, जबकि कृष्णा ने एक गोल दागा। एकेएस डिग्याना के लिए ओंकार सिंह और रमिंदर सिंह ने एक-एक गोल किया। मैच में मुख्याअतिथि जसबीर सिंह जस्सी और कश्मीर सिख संगत के उपाध्यक्ष तेजपाल सिंह विशिष्ट अतिथि थे।
दूसरे मुकाबले में दशमेश क्लब ने सोसायटी फॉर स्पोर्ट्स कुंजवानी को 3-1 से मात दी। दशमेश से सुखजिंदर ने दो और जसजोत ने एक गोल किया। वहीं, सोशल फॉर स्पोर्ट्स से सनमजोत सिंह ने एकमात्र गोल दागा। मुख्यातिथि एसएचओ सतवारी सुमित शर्मा और विशिष्ट अतिथि चौकी अधिकारी चट्ठा हरजिंदर पाल सिंह थे। अंतिम मुकाबले में एमबीएस सिंबल कैंप ने 7-1 से हीरानगर क्लब को हराया। एमबीएस के लिए जसप्रीत सिंह ने तीन, सुखप्रीत सिंह ने दो, मनदीप सिंह और जसविंदर सिंह ने एक-एक गोल दागा। हीरानगर के लिए एकमात्र गोल रामेश्वर ने किया। मुख्यातिथि एसएचओ मीरां साहिब भूपिंदर सिंह और विशिष्ट अतिथि गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा बंधुरख के अध्यक्ष हरबंस सिंह थे। फाइनल मैच 5 को खेला जाएगा। कार्यक्रम बंधुरख हॉकी क्लब के अध्यक्ष रविंदर सिंह राजू, महासचिव तेजिंदर सिंह और तकनीकी सदस्यों की देखरेख में आयोजित किया गया।