संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। केके हक्कू स्टेडियम में पहली जत्थेदार मोहिंदर सिंह मेमोरियल हॉकी प्रतियोगिता जारी है। मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला बंदुरख क्लब और एकेएस डिग्याना के बीच खेला गया, जिसमें बंदुरख ने दिलीप के शानदार तीन गोल की मदद से 3-2 से जीत दर्ज की।
पहले मैच की शानदार शुरुआत करते हुए पहले क्वार्टर के पहले मिनट में ही एकेएस क्लब के खिलाड़ी गुरनाज ने पहला गोल दाग कर टीम को बढ़त दिलाई। बंदुरख ने दूसरे क्वार्टर में पलटवार करते हुए 18वें मिनट में दिलीप के गोल से 1-1 की बराबरी की। इसके बाद मुकाबले में रोमांच बढ़ा और तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। मैच के 28वें मिनट में एकेएस को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसका फायदा उठाते हुए सक्षम ने टीम के लिए दूसरा गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। 1-2 से पिछड़ने के बाद बंदुरख ने दमदार वापसी करते हुए मैच के 49वें और 56वें मिनट में दिलीप ने शानदार दो गोल किए। दिलीप के इन दो गोलों की वजह से बंदुरख ने मुकाबला 3-2 से जीत लिया।
दूसरा मुकाबला चैंपियंस क्लब और दशमेश क्लब के बीच खेला गया। लेकिन खराब रोशनी की वजह से मैच को 7:42 मिनट पहले ही रोकना पड़ा। शेष मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा। इस मौके पर जीएस बख्शी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हॉकी जेएंडके राजिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष ईशान शर्मा, महासचिव सुपिंदर दीप सिंब बख्शी, दलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, तजिंदर सिंह, करणवीर सिंह और अन्य मौजूद रहे। मैचों का संचालन जगजीत सिंह, साहिल कुमार, गुरप्रीत सिंह और जसप्रीत सिंह की तकनीकी पैनल ने किया।