मढीन पुलिस के अधीन पड़ते गांव हरिपुर में दिनदहाड़े तीन युवकों ने चौक में गाड़ी का इंतजार कर रही एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया। जानकारी के अनुसार चौक में गाड़ी का इंतजार कर रही लड़की के आगे तीन युवकों ने एक लाल रंग की कार रोकी और जबरदस्ती कार में बैठाया और फरार हो गए। इसके बाद दुकानदारों और लोगों ने ओल्ड सांबा कठुआ रोड को बंद करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए 2 घंटे के भीतर जसरोटा क्षेत्र से लड़की को बरामद कर लिया और कार सहित दो युवकों को भी गिरफ्तार किया है। जबकि तीसरा आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
वहीं, सड़क बंद कर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों में शामिल स्थानीय सरपंच रवि कुमार ने कहा कि क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ रही हैं। लेकिन सरेआम दिनदहाड़े चौक से लड़की के अपहरण की इस घटना ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। इसलिए इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
दुकानदार जगदीश चंद्र ने कहा कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में एक दुकानदार से लूट का मामला सामने आया था। इसमें संलिप्त आरोपियों को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है। इसलिए हो सकता है कि जिन्होंने आज अपहरण को अंजाम दिया वही युवक लूट मामले में भी लिप्त हों।
प्रदर्शनकारियों ने यह मांग भी की है कि इस अपहरण मामले में शामिल गद्याल गांव का एक युवक पहले भी कई असामाजिक गतिविधियों को अंजाम दे चुका है। इसलिए उस पर पीएसए लगाकर उसे जेल में बंद किया जाना चाहिए।
तीन में से दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने सड़क को खाली कर दिया। साथ ही यह चेतावनी भी दी कि अगर तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो फिर से सड़क पर उतरेंगे।
सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जसरोटा क्षेत्र में कार समेत दो आरोपियों को दबोच लिया गया और लड़की को भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों में से एक नाबालिग है और दूसरे की आयु की जांच चल रही है। इसके साथ तीसरे की तलाश में भी पुलिस टीम जुटी हुई है, उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आईपीसी की धारा 363/109 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-तारिक अहमद, राजबाग थाना प्रभारी